Homeराष्ट्रीयबाराबंकी में सांसद की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति...

बाराबंकी में सांसद की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न

बिजली, मनरेगा, स्वास्थ्य सेवाओं एवं आधारभूत संरचना सुधार पर दिए गए आवश्यक निर्देश

अनुपस्थित अधिकारियों से मांगा गया स्पष्टीकरण

रिपोर्ट – संदीप वर्मा

बाराबंकी। बाराबंकी में सांसद तनुज पुनिया की अध्यक्षता एवं सांसद फैजाबाद अवधेश प्रसाद की सह-अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक गांधी सभागार, डीआरडीए में सम्पन्न हुई। बैठक का शुभारम्भ जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन द्वारा सांसद, विधायकगण एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के स्वागत के साथ किया गया।
बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जनप्रतिनिधियों द्वारा जनहित से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए, जिन पर अध्यक्ष महोदय द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। जिला अस्पताल (पुरुष/महिला), सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही अनावश्यक रूप से बाह्य दवाएं लिखने पर रोक लगाने हेतु निर्देशित किया गया।महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत कार्यों का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराने तथा लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने पर विशेष बल दिया गया।समाज कल्याण विभाग को निर्देशित किया गया कि जनपद स्तर से ग्राम स्तर तक संचालित योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिकाधिक पात्र लाभार्थी योजनाओं से आच्छादित हो सकें।जनप्रतिनिधियों द्वारा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराए जाने की मांग पर संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही पेयजल परियोजनाओं के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत एवं कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, बेसिक शिक्षा विभाग, उद्यान विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के समापन पर सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण किया जाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अभियंता नल निगम (नगरीय), डाकघर अधीक्षक एवं सहायक श्रम आयुक्त से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश अध्यक्ष महोदय द्वारा दिए गए।
इस दौरान एमएलसी अंगद कुमार सिंह, विधायक बाराबंकी (सदर) धर्मराज सिंह यादव, विधायक जैदपुर गौरव कुमार रावत, विधायक हैदरगढ़ दिनेश रावत, अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, मुख्य चिकित्साधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी सहित समस्त संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments