Homeराष्ट्रीयआधुनिक होंडा CB 350 बाइकों से लैस हुई मुजफ्फरनगर पुलिस, महिला सुरक्षा...

आधुनिक होंडा CB 350 बाइकों से लैस हुई मुजफ्फरनगर पुलिस, महिला सुरक्षा और त्वरित कार्रवाई को मिलेगा नया बल

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद पुलिस की कार्यक्षमता को और धार देने की दिशा में सोमवार को एक अहम कदम उठाया गया, जब पुलिस बेड़े में 5 नई अत्याधुनिक होंडा सीबी 350 मोटरसाइकिलों को शामिल किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान फीता काटकर और हरी झंडी दिखाकर इन बाइकों को रवाना किया।
इन नई मोटरसाइकिलों के शामिल होने से पुलिस की गश्त व्यवस्था और आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है। खास बात यह है कि इन बाइकों को आधुनिक पुलिसिंग की जरूरतों के अनुसार तैयार किया गया है, जिनमें हाई-पावर इंजन के साथ-साथ सायरन, फ्लैशर लाइट और वायरलेस कम्युनिकेशन सिस्टम जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, इन बाइकों की मदद से पुलिसकर्मी ट्रैफिक में तेजी से मूव कर सकेंगे और किसी भी घटना स्थल पर कम समय में पहुंचकर कार्रवाई कर पाएंगे। रात्रि गश्त के लिए इनमें बेहतर हेडलाइट और विजिबिलिटी सिस्टम भी लगाया गया है, जबकि आवश्यक दस्तावेज, सुरक्षा उपकरण और प्राथमिक उपचार सामग्री रखने के लिए विशेष स्टोरेज बॉक्स की व्यवस्था भी की गई है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि इन आधुनिक संसाधनों से न सिर्फ कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा, बल्कि महिला सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जाएगी। मिशन शक्ति अभियान और महिला हेल्प डेस्क के तहत सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की मौजूदगी और अधिक प्रभावी बनाई जाएगी, जिससे महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत होगा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments