Monday, May 11, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

सिसोना पुलिया पर मुठभेड़, नशे के तस्करों का नेटवर्क ध्वस्त

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सिसोना पुलिया पर पुलिस और नशे के तस्करों के बीच गोलियां चलने लगीं। “ऑपरेशन सवेरा” के तहत नई मंडी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद 5 शातिर तस्करों को दबोच लिया। इस दौरान 2 बदमाश गोली लगने से घायल हुए हैं, जबकि मौके से करीब 1 करोड़ रुपये कीमत का 250 किलो गांजा बरामद हुआ है।

कहानी शुरू होती है एक पुख्ता मुखबिर सूचना से… नई मंडी पुलिस को खबर मिली कि सिसोना की ओर से गांजे की बड़ी खेप आने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सिसोना पुलिया पर जाल बिछा दिया।


कुछ देर बाद दो वाहन—एक क्रेटा कार और एक छोटा हाथी—तेजी से आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन गाड़ियों में सवार तस्करों ने ब्रेक की जगह ट्रिगर दबा दिया। गोलियों की तड़तड़ाहट के बीच बदमाश भागने लगे।
पुलिस ने पीछा किया… रास्ता संकरा पड़ा… और यहीं तस्करों की चाल उलटी पड़ गई। वाहन फंसते ही पांचों बदमाश गाड़ियों से उतरकर जंगल की ओर भागे और लगातार फायरिंग करते रहे।
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि बाकी तीन को जंगल में घेराबंदी कर दबोच लिया गया।
पकड़े गए तस्करों के पास से 250 किलो गांजा, एक क्रेटा कार, छोटा हाथी वाहन, तीन तमंचे, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह लंबे समय से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नशे का बड़ा नेटवर्क चला रहा था।

“थाना नई मंडी पुलिस द्वारा ऑपरेशन सवेरा के तहत कार्रवाई की गई है। कुल 5 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए हैं, जिनमें 2 अभियुक्त मुठभेड़ के दौरान घायल हुए हैं। अभियुक्तों के कब्जे से करीब 250 किलो गांजा, अवैध हथियार और वाहन बरामद हुए हैं। सभी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।”

फिलहाल पुलिस इस गिरोह की जड़ों तक पहुंचने में जुटी है। इस कार्रवाई के बाद साफ है कि मुजफ्फरनगर में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।

सिसोना पुलिया पर मुठभेड़, नशे के तस्करों का नेटवर्क ध्वस्त

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles