रिपोर्ट – रजनीश शर्मा
हरदोई। भारतीय किसान श्रमिक जनशक्ति यूनियन ने किसानों और श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है और पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।
यूनियन का आरोप है कि पात्र लाभार्थियों को शौचालय और आवास जैसी बुनियादी सुविधाएं अब तक नहीं मिल पाई हैं। वहीं, पंचायत स्तर पर फर्जीवाड़े का भी गंभीर आरोप लगाया गया है। बताया गया कि ऑनलाइन आवेदन करने वाले लाभार्थियों के नाम पर सचिव और पंचायत मित्र द्वारा फर्जी फोटो और गलत डेटा अपलोड किया जा रहा है, जिससे असली पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा।
इसके अलावा यूनियन ने मल्लावां की शिल्पी कुशवाहा हत्याकांड में दोषियों को फांसी की सजा देने और मुकदमा फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की मांग भी उठाई है।
ज्ञापन में जनपद की अन्य प्रमुख समस्याएं भी उठाई गईं— ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की समस्या, गैस सिलेंडर की कमी और कीमत को 450 रुपए करने की मांग शामिल है।
साथ ही शाहाबाद क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर में एक व्यक्ति को 25 साल पहले आवास आवंटित होने के बावजूद निर्माण न होने देने का मामला भी उठाया गया है, जिस पर अभी तक प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
वहीं पिहानी विकासखंड के सरकारी बाजार में अवैध कब्जा हटाने और ग्राम पंचायत भड़ैचा के मजरा कोटवापुर में पात्र लोगों को आवास और शौचालय दिलाने की भी मांग की गई है।
किसान यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
फिलहाल, जिलाधिकारी ने ज्ञापन लेकर मामले की जांच का आश्वासन दिया है।



