Homeराष्ट्रीयसीएचसी जानसठ का औचक निरीक्षण, सीएमओ ने परखी स्वास्थ्य व्यवस्थाएं

सीएचसी जानसठ का औचक निरीक्षण, सीएमओ ने परखी स्वास्थ्य व्यवस्थाएं

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, वार्ड, प्रसूति कक्ष, दवा वितरण कक्ष और पैथोलॉजी लैब का बारीकी से जायजा लिया तथा मरीजों को मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को दी जा रही चिकित्सीय सेवाओं का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की स्थिति और उपचार व्यवस्था के बारे में फीडबैक भी लिया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि अस्पताल परिसर में स्वच्छता की व्यवस्था बेहतर बनाए रखी जाए और मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराया जाए।
सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अर्जुन सिंह को अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलना चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने आयुष्मान योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को योजना के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी स्वास्थ्य योजना के लाभ से वंचित न रह सके।
सीएमओ ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहने तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और सभी स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित करने पर भी विशेष बल दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments