Homeराष्ट्रीयनौ साल का जश्न: योजनाओं की चमक के बीच विकास के दावों...

नौ साल का जश्न: योजनाओं की चमक के बीच विकास के दावों की गूंज

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में आयोजित नौ दिवसीय कार्यक्रम का आगाज बुधवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के सभागार में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से आयोजित प्रेस वार्ता और कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आईटीआई परिसर में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में युवाओं व लाभार्थियों ने देखा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, एमएलसी वंदना वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, लोकदल जिलाध्यक्ष संजय राठी, मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर सहित प्रशासनिक अधिकारियों में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर देशभूषण, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
दीप प्रज्ज्वलन के बाद अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने विकास और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि जहां पहले प्रदेश अराजकता और अव्यवस्था के लिए जाना जाता था, वहीं अब बुनियादी ढांचे और अर्थव्यवस्था में लगातार सुधार हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान “एक जनपद एक उत्पाद योजना” के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गई, जबकि “उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना” के तहत तीन बालक-बालिकाओं को लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान लाभार्थियों के चेहरों पर उत्साह साफ झलकता नजर आया।
आईटीआई परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल और चित्र प्रदर्शनी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहे, जहां आमजन को केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्टॉल का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
कार्यक्रम के अंत में सभागार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा ऑनलाइन-ऑफलाइन शिक्षा विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीक और शिक्षा के बदलते स्वरूप की जानकारी दी गई। इस दौरान दो प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments