रिपोर्टर: नसीम
बाराबंकी। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित गन्ना कार्यालय पर किसानों ने विभिन्न लंबित मांगों को लेकर विशाल धरना-प्रदर्शन किया। सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान गैस सिलेंडर, राशन, पानी और रसोई का सामान लेकर धरना स्थल पर पहुंचे तथा वहीं तहरी भोज का आयोजन किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
ज्ञापन पर कार्रवाई न होने से नाराज किसान
किसानों का आरोप था कि एक माह पूर्व जिला प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे किसानों में नाराजगी है। आंदोलन के दौरान किसानों ने मुख्यमंत्री आवास, लखनऊ की ओर कूच करने की चेतावनी भी दी।
प्रशासन से हुई वार्ता
स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी की ओर से सदर एसडीएम गुंजिता अग्रवाल धरना स्थल पर पहुंचीं और किसान नेताओं से वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर जिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर किसानों की लंबित समस्याओं पर चर्चा कर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
प्रशासन के इस आश्वासन के बाद फिलहाल धरना स्थगित कर दिया गया।
15 जुलाई को बड़े आंदोलन की चेतावनी
भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष हौसला प्रसाद ने कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 15 जुलाई को कलेक्ट्रेट परिसर में विशाल प्रदर्शन और रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर किसान मुख्यमंत्री आवास, लखनऊ तक कूच करेंगे।
13 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा
किसान यूनियन ने मुख्यमंत्री के नाम 13 सूत्रीय मांग पत्र भी सौंपा। प्रमुख मांगों में बुढ़वल चीनी मिल को चालू कराना अथवा किसानों की जमीन वापस करना, मेंथा को फसल का दर्जा देकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) घोषित करना, अफीम उत्पादक किसानों को उचित मूल्य, सिंचाई व्यवस्था में सुधार, निजी स्कूलों की मनमानी पर रोक, बाराबंकी को लखनऊ मेट्रो सेवा से जोड़ना, बंद रेलगाड़ियों के ठहराव बहाल करना, छुट्टा पशुओं से फसल नुकसान का मुआवजा तथा जल जीवन मिशन में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच शामिल हैं।
बड़ी संख्या में किसान रहे मौजूद
धरने में भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष रामकिशोर पटेल, प्रदेश सचिव उत्तम वर्मा, मध्यांचल अध्यक्ष अनुपम वर्मा, मध्यांचल सचिव अनिल वर्मा, युवा मध्यांचल अध्यक्ष उत्कर्ष तिवारी, युवा मध्यांचल महासचिव अनुज सिंह, मंडल उपाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह, युवा मंडल अध्यक्ष समीर यादव, युवा जिला अध्यक्ष फैसल मलिक सहित जनपद, तहसील, ब्लॉक एवं ग्राम इकाइयों के हजारों किसान और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
