Homeराष्ट्रीयबालाजी जन्मोत्सव को लेकर पुलिस सख्त: डीजे, शोभायात्रा और अनुशासन पर कड़े...

बालाजी जन्मोत्सव को लेकर पुलिस सख्त: डीजे, शोभायात्रा और अनुशासन पर कड़े निर्देश

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। आगामी बालाजी जन्मोत्सव शोभायात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें शोभायात्रा के संयोजक, डीजे संचालक और विभिन्न समितियों के सदस्य शामिल हुए।
गोष्ठी में एसएसपी ने साफ शब्दों में कहा कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आयोजकों को चेताया कि शोभायात्रा के दौरान अनुशासन और जिम्मेदारी सर्वोपरि रहेगी। किसी भी तरह की लापरवाही या नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीजे संचालकों को विशेष रूप से निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन करें और किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक या प्रतिबंधित गीतों का प्रसारण न करें। इसके साथ ही शोभायात्रा के तय मार्ग और समय का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति रूट में बदलाव या समय में फेरबदल बर्दाश्त नहीं होगा।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। शोभायात्रा में शामिल सभी वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन अनिवार्य रूप से करना होगा। स्टंटबाजी, तेज रफ्तार या लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर और क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के मिश्रा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। गोष्ठी में आयोजकों और समिति सदस्यों ने भी पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शोभायात्रा के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि बालाजी जन्मोत्सव सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments