रिपोर्ट – मोहम्मद नसीम

हैदरगढ़ (बाराबंकी)। नगर पंचायत सुबेहा में राज्य सूचना आयुक्त मो नदीम के आगमन पर समाजसेवी चौधरी हुमायूं हुसैन, नगर अध्यक्ष देवीदीन रावत तथा कई सभासदों ने गुलदस्ता भेंट कर उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान सूचना आयुक्त ने उपस्थित लोगों से कुशलक्षेम पूछते हुए स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली।
समाजसेवी चौधरी हुमायूं हुसैन ने जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सूचना आयुक्त को एक मांग पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में करीब 7 वर्ष पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निर्माण कराया गया था, लेकिन आज तक वहां इमरजेंसी सेवा शुरू नहीं हो सकी है और न ही स्थायी चिकित्सक की तैनाती हो पाई है। इसके चलते क्षेत्रवासियों को बेहतर इलाज नहीं मिल पा रहा और उन्हें अन्य स्थानों पर भटकना पड़ता है।
उन्होंने आगे बताया कि अस्पताल परिसर में पानी की टंकी तो बनी है, लेकिन वह खराब है, जिससे मरीजों और तीमारदारों को खासकर गर्मी के मौसम में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। बावजूद इसके, स्वास्थ्य विभाग द्वारा समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
इसके अलावा, समाजसेवी ने नगर पंचायत सुबेहा में फायर ब्रिगेड केंद्र स्थापित करने की भी मांग उठाई। उन्होंने बताया कि सुबेहा से हैदरगढ़ की दूरी अधिक है और बीच में रेलवे क्रॉसिंग पड़ने के कारण अग्निकांड की घटनाओं में दमकल वाहन के पहुंचने में देरी हो जाती है, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है।
उन्होंने हाल ही में इस्लामपुर के पांडे का पुरवा गांव में हुई अग्निकांड की घटना का जिक्र करते हुए बताया कि लगभग 50 बीघा फसल जलकर राख हो गई थी और दमकल के पहुंचने से पहले ही नुकसान हो चुका था। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को देखते हुए क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की अत्यंत आवश्यकता है।
सूचना आयुक्त ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि वह इन मुद्दों से शासन को अवगत कराएंगे और जल्द ही समाधान कराने का प्रयास करेंगे।
इस मौके पर सभासद जहीर हाफिज, पूर्व सभासद अज्जू, पत्रकार मोहम्मद नसीम सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

