Homeराष्ट्रीयतकनीकी खामियों पर सख्त हुए सीनियर मैनेजर, मुज़फ्फरनगर डिपो की बसों की...

तकनीकी खामियों पर सख्त हुए सीनियर मैनेजर, मुज़फ्फरनगर डिपो की बसों की जांच — लापरवाह चालकों पर गिरेगी गाज

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। रोडवेज डिवीजन सहारनपुर के सीनियर मैनेजर अक्षय कुमार ने बुधवार को मुज़फ्फरनगर रोडवेज डिपो का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डिपो परिसर में खड़ी बसों की एक-एक करके तकनीकी जांच की। जिन बसों में तकनीकी खराबी पाई गई, उन्हें मौके पर ही सुधारने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जो वाहन लंबे समय से खड़े हैं, उन्हें शीघ्र मरम्मत कर सड़क पर उतारा जाए, ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

अक्षय कुमार ने स्पष्ट कहा कि अब किसी भी बस को “तकनीकी खराबी” के नाम पर बेकार खड़ा रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने इंजीनियरिंग स्टाफ और वर्कशॉप इंचार्ज को चेतावनी दी कि मेंटेनेंस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान सीनियर मैनेजर ने बस चालकों और परिचालकों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि निर्धारित किलोमीटर प्रतिदिन पूरा करना हर चालक की जिम्मेदारी है। जो चालक लगातार लक्ष्य से पीछे रह रहे हैं, उन्हें चिन्हित कर रिपोर्ट तैयार की जाए। ऐसे चालकों को दोबारा ट्रेनिंग पर भेजा जाएगा, ताकि उनकी कार्यकुशलता और अनुशासन में सुधार हो सके।

उन्होंने यह भी कहा कि समय से रूटों पर बसें न चलने से विभाग की छवि पर असर पड़ता है और यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है। इसलिए हर चालक-परिचालक अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाए।

इसके अलावा अक्षय कुमार ने डिपो में साफ-सफाई, बस स्टैंड परिसर की व्यवस्था, टाइम टेबल बोर्ड और यात्रियों के प्रतीक्षालय की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और किसी भी स्थिति में सेवा में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डिपो प्रबंधक ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सभी तकनीकी खामियों को जल्द दुरुस्त कर दिया जाएगा और सभी बसों को निर्धारित समय पर चलाने के लिए टीम को अलर्ट किया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments