रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में संचालित गौआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को परखने के क्रम में सोमवार को मीरापुर स्थित कान्हा गोशाला का निरीक्षण किया गया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेन्द्र गुप्ता के निर्देशन में पशु चिकित्सा अधिकारी मीरापुर डॉ. अजय कुमार ने गोशाला का जायजा लिया और वहां की व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया।
निरीक्षण के दौरान सभी गोवंश स्वस्थ अवस्था में मिले, जिससे विभागीय अधिकारियों ने राहत की सांस ली। गोशाला में पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा, हरा चारा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध पाया गया। साफ-सफाई की व्यवस्था भी ठीक-ठाक रही, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि गोवंशों के रखरखाव में लापरवाही नहीं बरती जा रही है।
पशु चिकित्सा अधिकारी ने मौके पर मौजूद केयरटेकर को निर्देशित किया कि गोवंशों को नियमित रूप से हरा चारा, खल-चोकर दिया जाए और साफ-सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गोवंशों की देखभाल सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान केयरटेकर भी मौके पर मौजूद मिले, जिनसे गोशाला की व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक जानकारी ली गई। कुल मिलाकर निरीक्षण में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जिससे विभागीय प्रयासों की सराहना की जा रही है।

