Homeराष्ट्रीयसीकरी में कथित धर्मांतरण प्रकरण पर गरमाई सियासत, क्रांति सेना ने एसपी...

सीकरी में कथित धर्मांतरण प्रकरण पर गरमाई सियासत, क्रांति सेना ने एसपी देहात से की सख्त कार्रवाई की मांग

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव सीकरी में कथित जबरन धर्मांतरण के मामले ने मंगलवार को नया मोड़ ले लिया। प्रकरण को लेकर क्रांति सेना के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोलते हुए एसपी देहात से मुलाकात की तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई। संगठन ने आरोप लगाया कि हिंदू युवक राकेश को महज 100 रुपये का लालच देकर धर्मांतरण कराया गया, जिससे क्षेत्र में रोष व्याप्त है।
क्रांति सेना महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पूनम चौधरी और जिलाध्यक्ष मुकेश त्यागी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि मामले में शामिल लोगों ने युवक पर दबाव, लालच और धमकी का इस्तेमाल किया। आरोप यह भी लगाया गया कि घटना का वीडियो बनाकर वायरल किया गया, जिससे सामाजिक तनाव का माहौल बना और लोगों में भारी नाराजगी फैल गई।
प्रतिनिधिमंडल में महानगर अध्यक्ष देवेंद्र चौहान, नरेंद्र ठाकुर, संजीव वर्मा, उज्ज्वल पंडित, निकुंज चौहान, रजनी शर्मा, शैलेंद्र, राजेंद्र तायल और अभिषेक समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठन ने मांग की कि वीडियो वायरल करने वालों की भी भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
एसपी देहात ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की गहनता से जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को जबरन, प्रलोभन देकर या धोखे से धर्म परिवर्तन कराना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, इस प्रकरण को लेकर इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है और पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments