Homeराष्ट्रीयलूट का मास्टरमाइंड चढ़ा पुलिस के हत्थे, ई-रिक्शा और मोबाइल बरामद

लूट का मास्टरमाइंड चढ़ा पुलिस के हत्थे, ई-रिक्शा और मोबाइल बरामद

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद की खतौली पुलिस ने लूट की वारदात का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके फरार साथियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से लूटा गया ई-रिक्शा और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार थाना खतौली क्षेत्र के मोहल्ला इस्लामनगर निवासी शमशाद ने 10 अप्रैल को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 7 अप्रैल की रात भैसी कट के पास लाल रंग की कार में सवार तीन बदमाशों ने उसका ई-रिक्शा, मोबाइल और 2500 रुपये नगद लूट लिए थे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर टीमों का गठन किया और जांच शुरू कर दी।
प्रभारी निरीक्षक दिनेश चन्द्र के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने मेहलकी निवासी 21 वर्षीय अमन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया, उसने पूरे मामले की साजिश को उजागर कर दिया।
अमन ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से फिरोज नामक व्यक्ति के पास एसी का काम करता था। फिरोज ने उसे बताया कि खतौली में रहने वाले उसके साले शमशाद पर कुछ पैसे बकाया हैं, जो वह वापस नहीं कर रहा। इसी रंजिश में शमशाद को सबक सिखाने के लिए लूट की योजना बनाई गई।
योजना के तहत 7 अप्रैल की रात शमशाद को ई-रिक्शा बुक कराने के बहाने भैसी कट बुलाया गया, जहां पहले से मौजूद साथियों के साथ मिलकर उसे कार में डाल लिया गया और उससे नकदी, मोबाइल व ई-रिक्शा छीन लिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments