रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शहर के सनातन धर्म कॉलेज में चीफ प्रॉक्टर डॉ. अरविन पंवार पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में शिक्षकों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में न केवल कॉलेज बल्कि शहर के अन्य महाविद्यालयों के शिक्षकों ने भी एकजुट होकर घटना की कड़ी निंदा की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
बैठक में वक्ताओं ने साफ कहा कि यह हमला किसी एक शिक्षक पर नहीं, बल्कि पूरे शिक्षक समाज की गरिमा और सुरक्षा पर सीधा प्रहार है। शिक्षकों ने प्रशासन से मांग की कि हमलावर छात्र को तत्काल प्रभाव से कॉलेज से निष्कासित किया जाए और उसकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी हुई तो वे आंदोलन और धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। यह आंदोलन केवल सनातन धर्म कॉलेज तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर से संबद्ध सभी महाविद्यालयों के शिक्षक इसमें शामिल होंगे।
बैठक में कॉलेज परिसर और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर चिंता जताई गई। शिक्षकों ने प्रशासन से मांग की कि परिसर के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुटता दिखाते हुए स्पष्ट संकेत दिया कि शिक्षक समुदाय अब अपनी सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा।

