Homeराष्ट्रीयकचहरी में उतरे मंत्री कपिल देव, अधिवक्ताओं से सीधा संवाद… 13 अप्रैल...

कचहरी में उतरे मंत्री कपिल देव, अधिवक्ताओं से सीधा संवाद… 13 अप्रैल की जनसभा को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। आगामी 13 अप्रैल को शहर के नुमाइश ग्राउंड में प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की जनसभा को लेकर जनपद का सियासी पारा चढ़ता नजर आ रहा है। इसी कड़ी में प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने गुरुवार को कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं के बीच पहुंचकर जनसंपर्क की कमान संभाली और जनसभा को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
कचहरी परिसर में पहुंचे मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अधिवक्ताओं से सीधे संवाद के जरिए माहौल बनाने की कोशिश की। उन्होंने डोर-टू-डोर जनसंपर्क करते हुए अधिवक्ता समुदाय को न केवल जनसभा में शामिल होने का न्योता दिया, बल्कि उन्हें अपने-अपने स्तर पर अधिकाधिक लोगों को जोड़ने की जिम्मेदारी भी सौंपी।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि यह जनसभा प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जनता के सामने रखने का बड़ा मंच साबित होगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचा है और अब समय है कि इन उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर साझा किया जाए।
जनसंपर्क अभियान के दौरान कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कई अधिवक्ताओं ने मंत्री के आह्वान का समर्थन करते हुए जनसभा में भारी संख्या में शामिल होने का भरोसा दिलाया। माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया, जहां हर ओर 13 अप्रैल की जनसभा को लेकर चर्चा होती रही।
इस मौके पर जिला बार संघ के महासचिव सुरेन्द्र मलिक, पूर्व महासचिव चन्द्रवीर सिंह निर्वाल, प्रदीप मलिक, पूर्व अध्यक्ष अनिल जिंदल, डीजीसी राजीव शर्मा समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में जनसभा को सफल बनाने का आश्वासन दिया।
अंत में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अधिवक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं जनसभा में पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के विचारों को सुनें और अधिक से अधिक लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि यह जनसभा जनसैलाब में तब्दील होकर एक नया रिकॉर्ड कायम कर सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments