Homeराष्ट्रीयकंट्रोल रूम की हकीकत परखने पहुंचे एसपी सिटी, सीसीटीवी और डायल-112 व्यवस्था...

कंट्रोल रूम की हकीकत परखने पहुंचे एसपी सिटी, सीसीटीवी और डायल-112 व्यवस्था की ली कड़ी परीक्षा

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस महकमा लगातार सतर्क है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने अचानक कंट्रोल रूम पहुंचकर व्यवस्थाओं की नब्ज टटोली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न सिर्फ शहर बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली को बारीकी से परखा, बल्कि मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त हिदायत भी दी कि लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने जनपद में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता को गंभीरता से जांचा। कंट्रोल रूम में चल रहे लाइव फुटेज को देखा और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कैमरे हर हाल में सुचारू रूप से संचालित रहें। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।
इसके बाद उन्होंने डायल-112 कंट्रोल रूम का भी जायजा लिया, जहां आने वाली कॉल्स के निस्तारण, रिस्पॉन्स टाइम और मौके पर पहुंचने वाली पुलिस टीमों की कार्यशैली की गहन समीक्षा की। उन्होंने कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि हर कॉल को गंभीरता से लिया जाए और पीड़ित को तत्काल राहत पहुंचाने में कोई देरी न हो। आमजन की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
एसपी सिटी ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को सतर्क और जिम्मेदार बने रहने की नसीहत देते हुए कहा कि कंट्रोल रूम कानून-व्यवस्था का सबसे अहम केंद्र होता है। यहां से मिलने वाली हर सूचना पूरे जिले की सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित करती है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही कतई स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी कंट्रोल रूम ऋषिका सिंह, प्रतिसार निरीक्षक रेडियो राजन अनेजा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments