रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार के नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में तहसील सदर के अंतर्गत विकास खंड बघरा परिसर में शुक्रवार को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी ने की, जबकि मुख्य अतिथियों में राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि गौरव चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान पांच किसानों को मिनी किट वितरित की गई, वहीं पांच लाभार्थियों को शौचालय स्वीकृति पत्र सौंपे गए। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूह की पांच महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले सफाई कर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने सरकार की प्रमुख योजनाओं जैसे महिला सुरक्षा, गरीब कल्याण योजना, किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री सुमंगला योजना और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, जिससे समाज के हर वर्ग का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों—स्वास्थ्य, बाल विकास, कृषि, पंचायत राज और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही उनकी समस्याओं का समाधान भी किया गया।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार, वीडीओ जयवीर सिंह, एडीओ कृष्णा कुमार श्रीवास्तव, एडीओ विकास कुमार संहिता सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

