जुमे की नमाज को लेकर शहर में कड़ी सुरक्षा, एसपी सिटी ने संभाली कमान

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। जुमे की नमाज के मद्देनज़र शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। पुलिस अधीक्षक नगर सत्यानारायण प्रजापत स्वयं सड़कों पर उतरकर नगर क्षेत्र में सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते दिखाई दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर पुलिस बल की तैनाती की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या अफवाह को रोकने के लिए पुलिस ने विशेष सतर्कता बरती। एसपी सिटी सत्यानारायण प्रजापत ने थाना खालापार और कोतवाली नगर क्षेत्र में भ्रमण करते हुए मस्जिदों के आसपास तैनात पुलिस बल की ड्यूटी का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अफवाह सामने आने पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन से भी शांति और भाईचारे के साथ पर्व को मनाने की अपील की। अधिकारियों का कहना था कि त्योहारों के समय सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
इसी क्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा ने भी कोतवाली नगर क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस कर्मियों को मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
पुलिस की सख्त निगरानी और प्रभावी प्रबंधन के चलते जनपद में जुमे की नमाज पूरी तरह शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुई, जिससे प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *