रिपोर्ट – शारिक खान

रामपुर। आम आदमी पार्टी के नेता एवं वार्ड 36 के सभासद मोहम्मद ज़फ़र ने वार्ड में पिछले लगभग आठ महीनों से चल रहे गंभीर पेयजल संकट पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए नगर पालिका प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है।
उन्होंने अपने जारी बयान में कहा कि वार्ड 36 के निवासी आज बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। मोहल्ला घेर रहमत खान, ताश का बस्ती के ठीक सामने स्थित पानी का पंप काफ़ी समय पहले खराब हो गया था, जिसकी सूचना उन्होंने कई बार लिखित और मौखिक रूप से नगर पालिका अध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारियों को दी थी। इसके बावजूद अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

मोहम्मद ज़फ़र ने कहा कि मौसम में बदलाव के साथ पानी का स्तर लगातार नीचे जा रहा है, जिससे आने वाले समय में पेयजल संकट और गहरा होने की आशंका है। उन्होंने खेद व्यक्त करते हुए कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सना खानम को इस गंभीर समस्या पर प्राथमिकता से ध्यान देना चाहिए, क्योंकि शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना नगर पालिका की सबसे अहम जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि शहर के कई इलाकों में लोगों को गंदा पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। वार्ड 36 का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा इस समय पेयजल संकट से जूझ रहा है, जो अत्यंत चिंताजनक स्थिति है।
मोहम्मद ज़फ़र ने बताया कि नगर पालिका द्वारा 44 लाख रुपये की टेंडर प्रक्रिया दो नए पंप लगाने के लिए पहले ही की जा चुकी है। जिसमें एक पंप मौलवी साहब की मजार के पास लगाया जाना है और दूसरा पंप घेर रहमत खान, ताश का बस्ती के ठीक सामने टंकी के अंदर लगाया जाना प्रस्तावित है। इसके बावजूद अब तक कार्य शुरू न होना कई सवाल खड़े करता है।
आम आदमी पार्टी नेता मोहम्मद ज़फ़र ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही वार्ड 36 के लोगों को पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो वे जनता के हित में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को मजबूर होंगे और आवश्यकता पड़ने पर भूख हड़ताल भी करेंगे।
उन्होंने नगर पालिका परिषद रामपुर के अधिशासी अधिकारी श्री दुर्गेश त्रिपाठी से विनम्र अपील करते हुए कहा कि मोहल्ला घेर रहमत खान में ताश का बस्ती के सामने टंकी के अंदर नए पानी के पंप की स्थापना की कार्यवाही तत्काल शुरू कराई जाए, ताकि वार्ड 36 के लोगों को साफ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके।
मोहम्मद ज़फ़र ने उम्मीद जताई कि नगर पालिका प्रशासन इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता से लेते हुए जल्द समाधान करेगा और शहरवासियों को राहत दिलाएगा।
