रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र की कम्बल वाली गली में होली के दिन दबंगों की दबंगई का मामला सामने आया है। एक महिला ने कुछ युवकों पर घर में जबरन घुसकर मारपीट करने, कपड़े फाड़ने और छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, जबकि घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है।
पीड़िता के अनुसार वह होली के दिन अपने पति और बच्चों के साथ घर पर त्योहार मना रही थी। आरोप है कि चार मार्च की दोपहर करीब ढाई बजे गली में कुछ युवक खड़े होकर गाली-गलौज कर रहे थे। जब उसके पति ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो वे लोग देख लेने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
महिला का आरोप है कि उसी दिन शाम करीब साढ़े चार बजे बिट्टू और विपिन पुत्र अशोक, अंशुल पुत्र विनोद तथा अमित पुत्र नामालूम अपने कुछ साथियों के साथ उसके घर में जबरन घुस आए। आरोपियों ने घर में घुसते ही महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला का कहना है कि आरोपियों ने उसके कपड़े फाड़ दिए और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए जबरदस्ती करने का प्रयास किया।
महिला के शोर मचाने पर उसका पति संजय मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। आरोप है कि दबंगों ने संजय के साथ भी जमकर मारपीट की और जान से मारने की नीयत से हमला किया। इस दौरान उसके बाल खींचे गए और दोनों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
हंगामे की आवाज सुनकर जब मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने कोतवाली नगर पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि मारपीट और बाल खींचने से जुड़ा एक वीडियो संज्ञान में आया है। वीडियो और तहरीर के आधार पर पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

