शराब नीति मामले में केजरीवाल-सिसोदिया को बड़ी राहत, शिव चौक पर आप का शक्ति प्रदर्शन, भाजपा पर बरसे नेता

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर


मुजफ्फरनगर। कथित शराब नीति घोटाला मामले में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को अदालत से बड़ी राहत मिलने के बाद जनपद की सियासत भी गरमा गई। फैसले की खबर मिलते ही आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शहर के हृदय स्थल शिव चौक पर जुटे कार्यकर्ताओं ने मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद लिया और लड्डू बांटकर जश्न मनाया।


शनिवार दोपहर करीब तीन बजे आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अरविंद बालियान के नेतृत्व में कार्यकर्ता शिव चौक पहुंचे। देखते ही देखते चौक पर पार्टी के झंडे लहराने लगे और “सत्य की जीत” के नारे गूंजने लगे। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद कार्यकर्ताओं ने राहगीरों को मिठाई बांटी। माहौल ऐसा था मानो किसी बड़ी चुनावी जीत का जश्न मनाया जा रहा हो।
जिलाध्यक्ष अरविंद बालियान ने मीडिया से बातचीत में भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि यह फैसला बताता है कि सच्चाई को दबाया नहीं जा सकता। उनके मुताबिक, अरविंद केजरीवाल को राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के तहत फंसाया गया था, लेकिन अदालत ने तथ्यों के आधार पर राहत देकर यह स्पष्ट कर दिया कि आरोपों में ठोस आधार नहीं था। उन्होंने कहा कि “दूध का दूध और पानी का पानी” हो गया है और यह लोकतंत्र की जीत है।

बालियान ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के नेताओं को बदनाम करने और राजनीतिक तौर पर कमजोर करने की कोशिश की गई, लेकिन अदालत के फैसले ने विपक्ष की साजिशों पर पानी फेर दिया। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और आगामी चुनावों में पूरी ताकत झोंकने का संकल्प लिया। कई कार्यकर्ताओं ने इसे “तानाशाही पर करारा प्रहार” करार दिया।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस राहत के बाद प्रदेश में आम आदमी पार्टी नए उत्साह के साथ सक्रिय हो सकती है। मुजफ्फरनगर में जिस तरह से शिव चौक पर शक्ति प्रदर्शन हुआ, उससे साफ है कि पार्टी इसे सिर्फ कानूनी राहत नहीं बल्कि राजनीतिक संदेश के रूप में भी देख रही है। आने वाले दिनों में जनपद की सियासत में इसका असर दिखना तय माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *