रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। जिला पंचायत सभागार में आज बजट को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई, जहां जिला पंचायत अध्यक्ष और सिटी मजिस्ट्रेट ने सदस्यगणों के साथ आय-व्यय का पूरा लेखा-जोखा रखा। बैठक में इस बात पर खास चर्चा हुई कि जिला पंचायत में कितना बजट आया और कितना खर्च हुआ। सीमित संसाधनों के बीच विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की रणनीति पर भी मंथन किया गया।

जिला पंचायत सभागार में आयोजित इस बैठक का मुख्य एजेंडा वित्तीय पारदर्शिता और विकास योजनाओं की प्राथमिकता तय करना रहा। अधिकारियों द्वारा पिछले वित्तीय वर्ष की आय और विभिन्न मदों में हुए खर्च का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया गया।
सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े प्रस्ताव रखते हुए सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जरूरी कार्यों को मंजूरी देने की मांग की।
बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि जिला पंचायत के पास बड़ा बजट उपलब्ध नहीं है, इसलिए छोटे और जनहित से जुड़े प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर पास करने की कोशिश की जाएगी।
अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि सदस्यगणों द्वारा दिए गए प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार कर अधिक से अधिक कार्यों को स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि विकास की रफ्तार बनी रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा“जिला पंचायत का बजट सीमित है, लेकिन हम प्रयास कर रहे हैं कि छोटे-छोटे जनहित के प्रस्तावों को प्राथमिकता देकर पारित किया जाए। सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और पारदर्शिता के साथ विकास कार्य आगे बढ़ाए जाएंगे।”
