रिपोर्ट – एकरार खान

गाजीपुर। जिले में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। आए दिन हो रही मारपीट की घटनाओं से आमजन में दहशत का माहौल है। ताजा मामला जंगीपुर थाना क्षेत्र के रंजीतपुर गांव का है, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक दुकानदार पर जानलेवा हमला कर दिया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार सिद्धार्थ कुमार उर्फ छोटू पुत्र रमेश राम पर बुधवार की शाम करीब 4 बजे अज्ञात बदमाशों ने अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने डंडे और पत्थर से मारपीट कर दुकानदार को बुरी तरह लहूलुहान कर दिया और घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भेजते हुए मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा हमलावरों की पहचान कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
