रिपोर्ट – शारिक खान

रामपुर। मा0 शहर विधायक आकाश सक्सेना ने गांधी समाधि स्थल से स्वदेशी संकल्प रैली को हरी झण्डी दिखाकर विधिवत शुभारम्भ किया। इस अवसर पर नगर के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही रैली में सम्मिलित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए मा0 विधायक ने कहा कि देश को आर्थिक रूप से सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए हम सभी को स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग से न केवल देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है, बल्कि स्थानीय कारीगरों एवं उद्यमियों को भी प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक जीवन में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें तथा इस संदेश को अपने परिवार एवं समाज तक भी पहुँचाएं इस अवसर पर मा0 विधायक द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं को स्वदेशी अपनाने की शपथ भी दिलाई गई। रैली के माध्यम से आमजन को स्वदेशी के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती अंजलि अग्रवाल, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
