उत्तर प्रदेश के जालौन में धर्मांतरण और ‘घर वापसी’ का विवादित मामला आया सामने

Spread the love

रिपोर्ट – शिवांश कुमार



जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में एक बुजुर्ग व्यक्ति के धर्मांतरण और बाद में हिंदू संगठनों द्वारा कराई गई ‘घर वापसी’ का मंगलवार को मामला सामने आया है। यह मामला जिले के उरई कोतवाली क्षेत्र के बघौरा बाईपास से संबंधित है।बता दें कि, पूरा मामला उरई कोतवाली क्षेत्र का है। यहां के निवासी गोपी अहिरवार नाम के एक बुजुर्ग ने फरीदाबाद में रहने वाली मुस्लिम महिला रेशमा पर आरोप लगाया है कि लगभग 15 वर्ष पहले उसने धमकी और दबंगई के दम पर उनका जबरन धर्मांतरण करवाया और उनका नाम दीन मोहम्मद रख दिया। बुजुर्ग ने यह भी आरोप लगाया कि महिला ने उनकी जमीन हड़प ली और उन्हें घर में बंद कर मारपीट भी की। बुजुर्ग की शिकायत विश्व हिंदू परिषद (VHP) के सामने आई। VHP के पदाधिकारी बलवीर सिंह जादौन के नेतृत्व में संगठन ने इस मामले में हस्तक्षेप किया। अन्य हिंदू संगठनों ने पीडब्ल्यूडी कार्यालय परिसर में स्थित हनुमान मंदिर में एक ‘शुद्धिकरण’ कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में बुजुर्ग गोपी अहिरवार (दीन मोहम्मद) ने गंगाजल से शुद्धिकरण करवाया, अपनी दाढ़ी कटवाई, भगवा वस्त्र पहने और तिलक लगाकर हिंदू धर्म में वापसी की। बुजुर्ग ने अपने आधार कार्ड सहित संबंधित दस्तावेजों के साथ जालौन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. दुर्गेश कुमार के समक्ष आरोपी महिला के खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है।

वहीं, VHP पदाधिकारी बलबीर सिंह जादौन ने बताया कि VHP हिंदुओं पर किसी भी प्रकार के अत्याचार और जबरन धर्मांतरण के खिलाफ खड़ी है। इस मामले में पीड़ित की सहायता करना और उसकी धार्मिक पहचान वापस दिलाना उनका कर्तव्य था। फिलहाल अब पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *