रिपोर्ट – फुरकान जंग

शामली। शामली जिले के कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव तीतरवाड़ा में 5 जनवरी की रात सरवर के मकान के बाहर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुरुवार देर रात पुलिस से हुई मुठभेड़ में फायरिंग के दो आरोपी सावेज निवासी तीतरवाड़ा और जुनैद निवासी बरनावी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाशों पर पुलिस पहले ही 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर चुकी थी।
दरअसल, विगत 31 दिसंबर को गांव तीतरवाड़ा में गांव के ही सुफियान, सावेज और एक अज्ञात आरोपी ने सरवर पर तमंचे से फायर कर दिया था, जिसमें सरवर के हाथ में गोली लगी थी। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी सुफियान को तमंचे सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद 5 जनवरी की रात छह आरोपियों ने सरवर के मकान के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। मामले में पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी थी।
गुरुवार देर रात कांधला रोड पर जहानपूरा पुलिया के पास पुलिस को सूचना मिली कि तीतरवाड़ा फायरिंग कांड के आरोपी एक कार के पास खड़े हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ने का प्रयास किया तो आवेश उर्फ बिल्ली और नदीम बिहारी कार लेकर कैराना की ओर फरार हो गए, जबकि सावेज और जुनैद जंगल की ओर भागने लगे। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें सावेज और जुनैद के पैर में गोली लग गई।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों घायल बदमाशों को गिरफ्तार कर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। उनके कब्जे से दो तमंचे और चार कारतूस बरामद किए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने बताया कि मुठभेड़ में तीतरवाड़ा फायरिंग प्रकरण के दो इनामी बदमाश घायल हुए हैं। दोनों फरार चल रहे थे और उनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया था। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
