रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुज़फ़्फ़रनगर की कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मीमलाना की एक हिंदू दलित किशोरी पिछले पाँच दिनों से लापता है। बरामदगी न होने से नाराज़ परिजन और शिवसेना समेत कई हिंदू संगठनों ने मंगलवार को SSP कार्यालय पर धरना दिया। परिवार का आरोप है कि पुलिस पाँच दिन से सिर्फ आश्वासन दे रही है, जबकि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बढ़ते विरोध को देखते हुए SP देहात मौके पर पहुँचे और शीघ्र बरामदगी का आश्वासन दिया, जिसके बाद संगठनों ने धरना समाप्त किया। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मीमलाना की दलित किशोरी पाँच दिनों से गायब है। परिवार ने पहले दिन से पुलिस से मदद मांगी, लेकिन परिजनों का आरोप है कि प्रशासन “समय लेकर बात करेंगे” कहकर उन्हें टालता रहा। बरामदगी में देरी पर आज शिवसेना, हिंदू युवा वाहिनी, यूबीटी क्रांति सेना, हिंदू रक्षा दल, बजरंग दल सहित कई हिंदू संगठनों ने पीड़ित परिवार के साथ SSP कार्यालय पर जोरदार धरना दिया। धरने का नेतृत्व शिवसेना जिला अध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा ने किया, जिन्होंने कहा कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और पुलिस की ढिलाई समझ के बाहर है।
स्थिति बिगड़ती देख SP देहात SSP ऑफिस पहुँचे और पीड़ित परिवार से बात की। उन्होंने कहा कि कई टीमें लगी हुई हैं और किशोरी को जल्द ही सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। उनके आश्वासन के बाद धरना समाप्त हो गया।
धरने में प्रहलाद आहूजा, अंकुर राणा, चेतन देवआर्य, शंकी शर्मा, शुभम कुमार, राहुल धीमान परदेसी, गौरव शर्मा, दिनेश कुमार, राजवीरी, कौशल्या, नेहा, सालू, जयवीरी, कमलेश, किरण, संतोषी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
