रिपोर्ट – एकरार खान

गाजीपुर। कासिमाबाद ब्लॉक के ग्राम सभा नगवा में सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर मामला उजागर हुआ है। जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान के व्यक्तिगत बैंक खाते में लाखों रुपये का भुगतान किए जाने का आरोप सामने आया है।

ध्यान देने योग्य है कि वर्ष 2022 में शासन द्वारा स्पष्ट और सख्त निर्देश जारी किए गए थे कि कोई भी ग्राम प्रधान, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि या संबंधित अधिकारी अपने निजी खाते में किसी भी प्रकार की मजदूरी, सामग्री भुगतान या सरकारी धनराशि नहीं ले सकता। इसके बावजूद भी ग्राम प्रधान और सचिव की मिलीभगत से नियमों को ताक पर रखकर लाखों रुपये का भुगतान ग्राम प्रधान के निजी खाते में किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार यह पूरा भुगतान ग्राम विकास कार्यों से जुड़े मदों से किया गया है, जिसकी जांच होने पर कई और अनियमितताएँ उजागर हो सकती हैं।
इस संबंध में जब ग्राम पंचायत सचिव प्रवीण कुमार खरवार से बात करने की कोशिश की गई तो पहले तो उन्होंने स्पष्ट जवाब देने से परहेज किया। बाद में उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि ग्राम प्रधान से इस विषय में बातचीत हुई थी या नहीं, वह अभी बताने की स्थिति में नहीं हैं। उनके इस अस्पष्ट जवाब ने मामले को और संदिग्ध बना दिया है।
ग्रामीणों ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है, ताकि सरकारी धन के दुरुपयोग की वास्तविक स्थिति सामने आ सके और दोषियों पर कार्रवाई हो सके।
