Headlines

जमीनी विवाद में तनाव, बाउंड्री दीवार गिराई गई, होमगार्ड को धमकाने के आरोप

Spread the love

ग्राम प्रधान को बताया गया दबंग और कार्यवाही न करने का लगाया आरोप

रिपोर्ट – अनिल कुमार

फतेहपुर। थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में तनाव बढ़ता जा रहा है। आरोप है कि लेखपाल और ग्राम प्रधान की मिलीभगत से विवाद बढ़ाने की कोशिश की जा रही है, जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका बढ़ गई है।
मामला खागा तहसील के ऐरायाँ ब्लॉक अंतर्गत राजस्व गाँव/चकबंदी गांव मोहम्मदपुर गौंती के लाला का पुरवा का है। यहां गाटा संख्या 6398 के कास्तकार पप्पू सिंह यादव पुत्र रामआसरे ने बताया कि उनके पुरखों को वर्ष 1965 में करीब 5 बिसवा जमीन पट्टे पर आवंटित हुई थी। इसी जमीन पर पुरानी कोठरी, कुआँ और बाउंड्री वाल बनी थी, जिसको उन्होंने कुछ समय पहले नवनिर्माण कराया। आरोप है कि पड़ोस में बने मकानों के दबंग लोगों ने शुक्रवार को पीड़ित की बाउंड्री दीवार गिरा दी, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुँची और विवाद शांत कराने का प्रयास किया। पीड़ित पप्पू सिंह, जो उत्तर प्रदेश होमगार्ड में हथगाम थाना क्षेत्र में तैनात हैं, ने बताया कि विभाग में होने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा। शिकायत है कि उपजिलाधिकारी द्वारा कई बार नाप कर विवाद निस्तारण कराने का आदेश दिया गया, लेकिन लेखपाल तथ्य छुपाकर कार्रवाई नहीं कर रहा। वहीं पीड़ित का आरोप है कि विवादित पक्ष की दबंग महिलाओं द्वारा उन्हें एससी एसटी एक्ट और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी दी जा रही है।
इस मामले में स्थानीय पुलिस चौकी अफोई के मुताबिक मामला सही है और होमगार्ड के पास संबंधित जमीन के कागजात मौजूद हैं। कई बार माप कर निस्तारण के आदेश दिए गए, लेकिन नाप का कार्य पूरा नहीं हो सका। वहीं चकबंदी लेखपाल विजय ने बताया कि मामला सक्षम अधिकारी के पास है और आदेशानुसार नाप किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *