Headlines

पैसों से भरा बैग लेकर भागे चोर एसपी ने घटनास्थल पहुंच लिया जायजा

Spread the love

रिपोर्ट – अनिल कुमार

विजयीपुर, फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के नरौली गांव में बीसी संचालक के सामने से पैसों से भरा बैग चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी हुई है।

गढा क्षेत्र के चितनपुर मजरे नरौली गांव निवासी अंकित कुमार बैंकिंग सेवा केंद्र संचालित करते हैं। वे मंगलवार की देर शाम बैंक से कैश लेकर घर पहुंचे थे। बुधवार की सुबह वे पैसों से भरा बैग लेकर अपनी दुकान पहुंचे और दुकान के सामने बाइक खड़ी की। जैसे ही वह शटर खोलने लगे, उसी दौरान अज्ञात व्यक्ति पैसों से भरा बैग लेकर फरार हो गया।

कुछ देर बाद जब अंकित की नजर बाइक पर पड़ी तो देखा कि बैग गायब था। घटना की जानकारी मिलते ही उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। संचालक के अनुसार बैग में लगभग चार लाख पचास हजार रुपये थे, जिन्हें लेकर चोर फरार हो गए।

इधर, गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित बीसी संचालक से वार्ता कर घटना की जानकारी ली और पूरे प्रकरण की स्थिति का जायजा लिया।

एसपी ने मौके पर मौजूद संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि घटना के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर शीघ्र घटना का खुलासा करने के निर्देश भी दिए।

थाना प्रभारी सत्यदेव गौतम ने बताया कि पुलिस ने आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। जल्द ही आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी करते घटना का शीघ्र अनावरण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *