रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक छात्र ने फीस जमा न हो पाने से आहत होकर खुद को आग के हवाले कर लिया। बताया जा रहा है कि छात्र कई दिनों से कॉलेज प्रबंधन द्वारा परीक्षा फॉर्म जमा न करने से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। घटना बुढ़ाना क्षेत्र के गांव की है। यहां के निवासी उज्वल राणा पुत्र हरेंद्र राणा, जो स्थानीय कॉलेज में द्वितीय वर्ष का छात्र है, अपनी फीस जमा न हो पाने के कारण निराश चल रहा था। कॉलेज प्रशासन द्वारा परीक्षा फॉर्म न भरने दिए जाने पर उसने कक्षा में ही खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। आसपास मौजूद छात्रों और स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने किसी तरह आग बुझाकर छात्र को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पूर्व छात्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह फीस न जमा होने और परीक्षा से वंचित किए जाने की शिकायत करता दिखाई दे रहा था। परिवारजनों का आरोप है कि विद्यालय प्रशासन की लापरवाही और असंवेदनशीलता के कारण यह दर्दनाक घटना घटी। वहीं, पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। विद्यालय प्रशासन ने फिलहाल इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। परिजन और स्थानीय लोग विद्यालय प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज मेरठ में चल रहा है।
