12 घंटे में खुला हत्याकांड: शाहपुर पुलिस ने मुठभेड़ में तीन आरोपी दबोचे, दो के पैर में लगी गोली

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्याकांड में वांछित तीन आरोपियों को धर दबोचा, जिनमें दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे, तीन जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
बताया गया कि 24/25 अप्रैल की रात ग्राम हरसौली स्थित एक ट्यूबवेल पर अज्ञात युवक का शव पड़े होने की सूचना शाहपुर पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान राजा उर्फ अरुण पुत्र सोमपाल निवासी ऊन पट्टी लाखिया थाना झिंझाना, शामली के रूप में कराई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने राजीव उर्फ राजू, सोहनवीर उर्फ पिंटू और विकास के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर टीम गठित की।
शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सांझक गांव के एक आम के बाग में छिपे हुए हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आत्मसमर्पण के लिए चेतावनी दी। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को घायल कर गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरे आरोपी को कांबिंग के दौरान दबोच लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक अरुण उनका पुराना परिचित था। 24 अप्रैल को सभी लोग हरसौली के ट्यूबवेल पर शराब पी रहे थे। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और गुस्से में आकर आरोपियों ने ईंट से वार कर अरुण की हत्या कर दी। इसके बाद शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों में राजीव उर्फ राजू निवासी हरसौली, सोहनवीर उर्फ पिंटू निवासी हरसौली तथा विकास निवासी काकड़ा शामिल हैं। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से शाहपुर पुलिस ने न सिर्फ हत्याकांड का राजफाश किया, बल्कि कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने वालों को भी करारा जवाब दिया है। क्षेत्र में पुलिस की त्वरित कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *