रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक युवती ने ‘सूरज त्यागी’ नामक युवक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने, साढे़ पांच लाख रुपये ठगने और अपने साथियों के साथ मिलकर पिस्टल की नोंक पर सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape) करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, साल 2023 में उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए सूरज त्यागी से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और सूरज ने उसे शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लिया। आरोप है कि सूरज ने पीड़िता को भरोसा दिलाया कि वह उससे शादी करेगा, जिसके बाद उसने युवती का लगातार यौन शोषण किया।
शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि सूरज ने घर दिलाने के नाम पर पीड़िता से साढे़ पांच लाख रुपये ऐंठ लिए। जब युवती को पता चला कि सूरज पहले से शादीशुदा है और उसने उसे धोखा दिया है, तो उसने अपने पैसे वापस मांगे और विरोध शुरू किया। आरोप है कि इस पर सूरज ने उसे जान से मारने की धमकी दी घटना ने तब और भयानक रूप ले लिया जब बीती 18 अप्रैल 2024 की रात करीब 12 बजे सूरज त्यागी अपने साथियों दिवांश, सौरव गोस्वामी और दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ युवती के कमरे पर पहुँचा। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसकी कनपटी पर अवैध पिस्टल तान दी और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने इस घिनौनी करतूत की वीडियो भी बना ली और धमकी दी कि यदि किसी को बताया तो वीडियो वायरल कर दी जाएगी।
पीड़िता का कहना है कि वह घटना के तुरंत बाद कोतवाली नगर थाने पहुँची थी, लेकिन वहाँ मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसकी प्रार्थना पत्र लेने से मना कर दिया और कोई कार्रवाई नहीं की। हार मानकर अब पीड़िता ने वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष अपनी आपबीती सुनाई है। ओर मांग की है कि मुख्य आरोपी सूरज त्यागी और उसके साथियों के खिलाफ FIR दर्ज हो वह हड़पे गए साढे़ पांच लाख रुपये वापस दिलाए जाएं साथ ही दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

