रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव सीकरी में कथित धर्मांतरण साजिश और युवक को बहला-फुसलाकर वर्षों तक बंधक बनाकर रखने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन और नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को तलाशने के लिए चार टीमें गठित की थीं। मंगलवार को तीनों आरोपियों को तिस्सा की ओर जाने वाले रजवाहे की पटरी से दबोच लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, गांव सीकरी निवासी अफसर पर आरोप है कि उसने करीब 10 से 15 वर्ष पूर्व राकेश कुमार शर्मा नामक एक नाबालिग लड़के को बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाकर रखा। आरोप है कि युवक को दास बनाकर रखा गया और बाद में अन्य साथियों के साथ मिलकर उसका धर्मांतरण कराने की साजिश रची गई।
इतना ही नहीं, आरोपियों पर कस्बा भोकरहेड़ी की मस्जिद में युवक से नमाज पढ़वाने, उसका वीडियो बनाकर वायरल करने तथा विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने का प्रयास करने का भी आरोप है। मामले में भोपा थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
प्रभारी निरीक्षक भोपा के नेतृत्व में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने वांछित आरोपी सलमान पुत्र सलीम निवासी सीकरी, दानिश पुत्र इस्लाम निवासी चित्तौड़ा थाना जानसठ तथा अनस पुत्र इलियास निवासी बिहारी थाना सिखेड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है और मुख्य आरोपी अफसर समेत अन्य बिंदुओं पर भी पुलिस पड़ताल कर रही है।
इस कार्रवाई को लेकर इलाके में चर्चाओं का दौर तेज है

