रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। जनपद में अवैध और एक्सपायर हो चुकी शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारों बोतल विदेशी मदिरा और बीयर को नष्ट कर दिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर चली इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
गुरुवार को डीएम वार रूम के निर्देशन में आबकारी विभाग ने वर्ष 2024-25 से पूर्व निर्मित अविक्रित और वैधता अवधि समाप्त हो चुके शराब स्टॉक के विनिष्टीकरण की प्रक्रिया को अंजाम दिया। इस दौरान विदेशी शराब और बीयर के थोक लाइसेंसधारकों के गोदामों में मौजूद बड़ी मात्रा में स्टॉक को नियमों के तहत नष्ट किया गया।

यह पूरी कार्रवाई आबकारी नीति 2026-27 के प्रावधानों के अनुसार की गई, जिसमें सहारनपुर मंडल के उप आबकारी आयुक्त की निगरानी में डिप्टी कलेक्टर (मुख्यालय) और जिला आबकारी अधिकारी की संयुक्त टीम मौजूद रही। अधिकारियों की देखरेख में हजारों की संख्या में शराब की बोतलें, अद्धा-पव्वा और बीयर कैन को विधिवत तरीके से नष्ट किया गया।
प्रशासन का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से न केवल अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगेगी, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ होने वाले खिलवाड़ को भी रोका जा सकेगा। साथ ही स्पष्ट संदेश दिया गया है कि नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

