रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। भगवान महावीर स्वामी जी के पावन जन्मकल्याणक महोत्सव के अवसर पर आज प्रेमपुरी स्थित जैन औषधालय पंडाल में आयोजित कार्यक्रम एवं नई मंडी गौशाला रोड से निकली भव्य शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सारथी बनकर रथ का संचालन किया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
इस पावन अवसर पर रविन्द्र कुमार जैन एवं उनकी धर्मपत्नी ने भगवान के माता-पिता की भूमिका निभाकर आयोजन को और भी भावनात्मक बना दिया।
नई मंडी चौड़ी गली स्थित जैन मंदिर से प्रारंभ हुई यह भव्य रथयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों—गौशाला रोड, बिन्दल बाजार रोड, वकील रोड, संजय मार्ग पटेलनगर, मुनीम कॉलोनी, घेरखत्ती, पीठ बाजार एवं पुरानी गुड़ रोड—से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान आकर्षक झांकियां, भक्ति संगीत एवं धार्मिक नारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
मंदिर समिति द्वारा मंत्री कपिल देव अग्रवाल का पटका पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
अपने संबोधन में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि भगवान महावीर का जीवन त्याग, तपस्या, संयम और मानवता की सेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा,
“अहिंसा परमो धर्मः” का संदेश आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक है और हमें इसे अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सत्य, अहिंसा और अपरिग्रह के सिद्धांतों को अपनाकर समाज में शांति, सौहार्द और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करें तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में अध्यक्ष अमित कुमार जैन, प्रवीण जैन, अमित जैन, रोहित जैन, राजेश जैन, चंद्र कुमार जैन, अशोक कुमार जैन एवं कोषाध्यक्ष नवीन कुमार जैन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने समस्त क्षेत्रवासियों को महावीर जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

