वारंटियों पर शिकंजा: भोपा पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई में 7 अभियुक्त दबोचे

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना भोपा क्षेत्र में पुलिस ने लंबित वारंटियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के तहत रविवार को पुलिस टीम ने विभिन्न मामलों में वांछित सात अभियुक्तों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ माननीय न्यायालय द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे, जिन पर काफी समय से कार्रवाई लंबित चल रही थी। थाना भोपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सभी वारंटियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में रवि कुमार, मदन, कल्लू, विकाश, नूरहसन, शादाब और पुनित शामिल हैं। इन पर एनआई एक्ट, आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट, विद्युत अधिनियम समेत गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें सड़क हादसे से संबंधित धाराएं और अपहरण जैसे संगीन अपराध भी शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि सभी अभियुक्तों को विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही, फरार वारंटियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विवेक चौधरी, रणवीर सिंह, मनोज कुमार, साजिद खान, विजय शर्मा और पिन्टू चौधरी समेत पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
भोपा पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *