स्वास्थ्य मेलों की हकीकत परखी: सीएमओ का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई के सख्त निर्देश

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। जनपद में संचालित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों की जमीनी हकीकत जानने के लिए रविवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य मेलों में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन करना रहा।
सीएमओ ने निरीक्षण के दौरान नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कृष्णापुरी समेत जटमुझेड़ा, मोरना, सिकंदरपुर, तेजलहेड़ा, भोकरहेड़ी और बरला स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पंजीकरण काउंटर से लेकर मरीजों की जांच, दवा वितरण, टीकाकरण और अन्य सेवाओं को बारीकी से परखा।
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरत भी महसूस की गई, जिस पर सीएमओ ने मौके पर ही संबंधित चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य मेलों में आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलना चाहिए, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएमओ ने दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और अभिलेखों के रख-रखाव पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं और रिकॉर्ड पूरी तरह अद्यतन हो। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य मेलों में पहुंचे लाभार्थियों से सीधा संवाद भी किया और उन्हें सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
सीएमओ ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों के माध्यम से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। यदि कहीं भी लापरवाही या अनियमितता पाई गई तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अंत में उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और जनसेवा को सर्वोपरि रखने की हिदायत दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *