पुरकाजी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, मुस्ताबाद में संगठन विस्तार से बदली सियासी फिजा

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र के गांव मुस्ताबाद में शनिवार को कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान को नई धार देते हुए जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतपाल कटारिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे, जहां पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर गंभीर मंथन हुआ।
इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे माननीय नरेश भारती और माननीय अनिल चौधरी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही कांग्रेस को फिर से सत्ता तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष सतपाल कटारिया ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस हर वर्ग की आवाज बनकर उभर रही है और गांवों में तेजी से संगठन का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान, युवा और आम जनता के मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार संघर्ष कर रही है और यही जमीनी जुड़ाव आगामी चुनावों में बड़ा परिणाम देगा।
कार्यक्रम के दौरान कई नए लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की, जिससे कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर क्षेत्र के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुस्ताबाद में आयोजित यह कार्यक्रम न सिर्फ संगठनात्मक मजबूती का संकेत दे रहा है, बल्कि पुरकाजी क्षेत्र में कांग्रेस की बढ़ती सक्रियता से सियासी हलचल भी तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *