रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी के बीच चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार से राज्य स्तरीय आमंत्रण ओपन पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का शानदार शुभारंभ हो गया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आई टीमों ने दमखम दिखाने की तैयारी कर ली है, जिससे स्टेडियम में खेल का माहौल पूरी तरह जीवंत नजर आया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन, खेल भावना और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में अर्जुन अवॉर्डी एवं अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजीव बालियान तथा क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सहारनपुर जितेंद्र यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके आगमन से खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी एवं उप जिला क्रीड़ा अधिकारी द्वारा मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ, सम्मान प्रतीक और पटका भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। आयोजन में प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव और उप क्रीड़ा अधिकारी कुमारी पूनम बिश्नोई की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही।
प्रतियोगिता के मैच 21 मार्च को विभिन्न पूलों में खेले जाएंगे। पूल ए में मुजफ्फरनगर और सहारनपुर, पूल बी में मेरठ और बागपत, पूल सी में गाजियाबाद और मथुरा, जबकि पूल डी में सुल्तानपुर, बिजनौर, शामली और हापुड़ की टीमें आमने-सामने होंगी। मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों में भी जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
इस आयोजन में बाल कल्याण समिति मुजफ्फरनगर का भी सराहनीय सहयोग रहा। जिला खेल कार्यालय के स्टाफ ने व्यवस्थाओं को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में कड़ी टक्कर देखने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे खेल प्रेमियों को रोमांचक मुकाबलों का भरपूर आनंद मिलेगा।

