रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। भोपा रोड स्थित बिंदल डुप्लेक्स के सामने बुधवार को उस वक्त हालात तनावपूर्ण हो गए, जब भाकियू (अराजनीतिक) कार्यकर्ताओं ने दिल्ली से आ रहे एक कचरे से भरे ट्रक को बीच सड़क पर ही रोक लिया। ट्रक खुलवाकर देखा गया तो उसमें से उठ रही तेज बदबू ने आसपास का माहौल जहरीला कर दिया। आरोप है कि ट्रक में रबड़ और प्लास्टिक जैसा खतरनाक कचरा भरा हुआ था, जिसे जलाने की तैयारी थी।
ट्रक रुकवाते ही कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। बिंदल डुप्लेक्स के मालिक पंकज अग्रवाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और “मुर्दाबाद” के नारे गूंजते रहे। मौके पर पहुंचे प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को भी कार्यकर्ताओं के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा।
हंगामा उस वक्त और बढ़ गया जब भाकियू कार्यकर्ताओं ने प्रदूषण बोर्ड की टीम, जिसमें जेई राजा गुप्ता भी शामिल थे, को घेर लिया और मौके पर ही बैठा लिया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन और संबंधित विभाग लंबे समय से इस गंभीर मुद्दे पर आंखें मूंदे हुए हैं, जिसके चलते इलाके के हालात बद से बदतर हो गए हैं।
कार्यकर्ताओं ने ट्रक के सामने धरना देते हुए साफ चेतावनी दी कि किसी भी सूरत में इस तरह का कचरा इलाके में नहीं जलने दिया जाएगा। उनका कहना है कि आसपास के कई गांवों में हवा और पानी पूरी तरह दूषित हो चुके हैं। लोगों का जीवन खतरे में है—पीने का पानी जहरीला हो गया है और सांस लेना तक मुश्किल हो रहा है।
ग्रामीणों का दावा है कि क्षेत्र में कैंसर, सांस, गले और आंखों की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, जिसका सीधा संबंध इस प्रदूषण से है। उन्होंने प्रशासन से तुरंत सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए चेताया कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

