Headlines

नवरात्रि से पहले ‘मीट दुकानों’ पर घमासान: अतिक्रमण और दुर्गंध पर शिवसेना का अल्टीमेटम

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। पवित्र नवरात्रि पर्व की दस्तक से पहले शहर में मीट दुकानों को लेकर सियासी और सामाजिक माहौल गरमा गया है। शिवसेना ने मीनाक्षी चौक, नावेल्टी चौक समेत कई प्रमुख इलाकों में संचालित मीट दुकानों और होटलों पर अतिक्रमण व अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए प्रशासन को कठघरे में खड़ा किया है। संगठन ने साफ कहा है कि आस्था के साथ किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होगा।
शिवसेना के अनुसार, शहर के व्यस्त मार्गों पर मीट दुकानदारों ने काउंटर और स्टॉल सड़क तक फैला रखे हैं, जिससे पहले से ही संकरी सड़कों पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। हालात ऐसे हैं कि पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है, और व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।
मामले को और गंभीर बनाते हैं दुकानों व होटलों के एग्जॉस्ट फैन, जो सीधे सड़क की ओर लगे हैं। इनसे निकलने वाली तेज दुर्गंध और धुआं राहगीरों के लिए मुसीबत बन रहा है। नवरात्रि जैसे पवित्र पर्व के दौरान, जब हजारों लोग व्रत और पूजा में लीन रहते हैं, तब यह स्थिति न सिर्फ असहज बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक साबित हो सकती है।
शिवसेना जिला अध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि नवरात्रि आस्था और अनुशासन का प्रतीक है, लेकिन शहर में फैल रही गंदगी और अतिक्रमण से इसकी गरिमा प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि मीट काउंटर सड़क से पीछे किए जाएं और एग्जॉस्ट फैन की दिशा बदली जाए।
साथ ही, उन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो शिवसेना खुद सड़कों पर उतरकर अतिक्रमण हटाने और व्यवस्था सुधारने का अभियान चलाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
शिवसेना ने प्रशासन से नवरात्रि से पहले विशेष अभियान चलाकर शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और स्वच्छ, सुरक्षित व श्रद्धामय वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आमजन बिना किसी बाधा के पर्व का आनंद ले सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *