Homeराष्ट्रीयसर्वाइकल कैंसर पर वार: मुजफ्फरनगर में बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान...

सर्वाइकल कैंसर पर वार: मुजफ्फरनगर में बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा कदम उठाते हुए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की शुरुआत कर दी है। 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को लक्ष्य बनाकर शुरू किया गया यह अभियान जिला महिला चिकित्सालय से विधिवत रूप से लॉन्च किया गया, जहां नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने संयुक्त रूप से इसका शुभारंभ किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में तेजी से बढ़ती एक गंभीर बीमारी है, जो समय रहते टीकाकरण से रोकी जा सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा यह वैक्सीन पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है और इसका लाभ उठाना हर पात्र बालिका के लिए बेहद जरूरी है।
नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने भी कार्यक्रम में अभिभावकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि बेटियों का स्वास्थ्य सुरक्षित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह टीकाकरण भविष्य में बड़े खतरे को टालने की दिशा में एक मजबूत कवच साबित होगा।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अभिभावकों और बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन के फायदे, इसकी सुरक्षा और संभावित सामान्य दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और देश-विदेश में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।


इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. आभा शर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, जिला सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी प्रदीप शर्मा, हॉस्पिटल मैनेजर प्रियंका तोमर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और टीकाकरण प्रक्रिया को सुचारू ढंग से संचालित होते देखा।
स्वास्थ्य विभाग ने साफ किया है कि यह अभियान चरणबद्ध तरीके से पूरे जनपद में चलाया जाएगा, जिसमें स्कूलों और अन्य माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक बालिकाओं तक पहुंच बनाई जाएगी।
अंत में विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें और अपनी बेटियों को समय पर टीकाकरण के लिए जरूर भेजें, ताकि एक खतरनाक बीमारी के खिलाफ मजबूत सुरक्षा कवच तैयार किया जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments