रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेन्द्र गुप्ता ने शुक्रवार को समोली स्थित निराश्रित गौ आश्रय स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौवंश के भरण-पोषण, साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल की और संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने गौ आश्रय स्थल में मौजूद सभी गौवंश की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि आश्रय स्थल में रह रहे गौवंश का स्वास्थ्य सामान्य और संतोषजनक पाया गया। पशुओं के लिए चारा, पानी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी ठीक पाई गईं।
डॉ. जितेन्द्र गुप्ता ने परिसर की साफ-सफाई का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने केयरटेकर को निर्देश देते हुए कहा कि आश्रय स्थल में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए और नियमित रूप से सफाई कराई जाए, ताकि गौवंश को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके अलावा उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट गड्ढे का निरीक्षण करते हुए उसमें नया गोबर डालने के निर्देश दिए, जिससे जैविक खाद का उत्पादन बेहतर तरीके से हो सके और आश्रय स्थल की उपयोगिता भी बढ़े।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निराश्रित गौवंश के संरक्षण और बेहतर देखभाल को लेकर विभाग पूरी तरह गंभीर है और समय-समय पर गौ आश्रय स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

