रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। शाहपुर कस्बे में अवैध रूप से चल रहे पैथोलॉजी लैब और एक्स-रे सेंटरों के खिलाफ शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा अभियान चलाया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर एडिशनल सीएमओ डॉ. विपिन कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने कई संदिग्ध चिकित्सा संस्थानों पर छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में झोलाछाप संचालकों और अवैध लैब मालिकों में हड़कंप मच गया।
जांच के दौरान टीम ने नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रहे पांच पैथोलॉजी लैब और एक्स-रे सेंटरों को मौके पर ही सील कर दिया, जबकि खामियां पाए जाने पर छह अन्य चिकित्सा संस्थानों को नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया गया।

कार्रवाई की खबर मिलते ही कस्बे में कई अवैध लैब संचालकों ने अपने सेंटरों के शटर गिरा दिए और मौके से खिसक गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक-एक कर संदिग्ध केंद्रों की जांच की और आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की।
इस अभियान में एडिशनल सीएमओ डॉ. विपिन कुमार के साथ चिकित्सा अधीक्षक शाहपुर डॉ. ओ.पी. जैसवाल ने अहम भूमिका निभाई। उनके सहयोग से टीम ने कई स्थानों पर छापेमारी कर अवैध रूप से चल रहे केंद्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। टीम में श्री पाकेश कुमार, श्री अनुज, श्री मोमीन, श्री दीपक तथा अपर शोध अधिकारी श्री प्रवीण कुमार भी मौजूद रहे।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन कुमार ने स्पष्ट कहा कि जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी, एक्स-रे सेंटर और अन्य चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से कस्बे में अवैध चिकित्सा कारोबार करने वालों में दहशत का माहौल बना हुआ है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ऐसे और केंद्रों पर भी विभाग की नजर रहेगी।

