रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कस्बे में उस वक्त लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जब बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता Nawazuddin Siddiqui अपने पैतृक घर पहुंचे। अभिनेता ने यहां पहुंचकर न सिर्फ परिवार से मुलाकात की, बल्कि तहसील पहुंचकर कृषि भूमि का बैनामा भी कराया। अभिनेता के अचानक पहुंचने की खबर से तहसील परिसर में लोगों का जमावड़ा लग गया और हर कोई उनकी एक झलक पाने को उत्सुक दिखाई दिया।

दरअसल गुरुवार को अभिनेता Nawazuddin Siddiqui अपने भाई और फिल्म प्रोड्यूसर फैजुद्दीन सिद्दीकी के साथ बुढ़ाना के मोहल्ला काजीवाड़ा स्थित अपने पैतृक आवास पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले अपनी अम्मी हज्जन मेहरुनिशां से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ समय बिताया।
इसके बाद अभिनेता कार से सीधे बुढ़ाना तहसील पहुंचे, जहां एडवोकेट प्रशांत शर्मा के चैंबर में कृषि भूमि की खरीद से जुड़े जरूरी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान एडवोकेट संदीप बालियान भी मौजूद रहे।
तहसील पहुंचने के बाद अभिनेता रजिस्ट्रार कार्यालय में सब रजिस्ट्रार पंकज कुमार जैन के सामने बैनामे की औपचारिक प्रक्रिया पूरी करते नजर आए। जैसे ही लोगों को उनके तहसील पहुंचने की जानकारी मिली, बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए और अभिनेता के साथ फोटो खिंचवाने की होड़ लग गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अपने व्यस्त फिल्मी करियर के बावजूद अभिनेता का अपने पैतृक कस्बे बुढ़ाना से गहरा लगाव है और वे समय-समय पर यहां आते रहते हैं। उनके इस दौरे से पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना रहा।

