UDISE में ट्रांसपोर्ट ‘0’, फिर सड़क पर कैसे दौड़ रहीं स्कूल बसें?

Spread the love

गाजीपुर एवरग्रीन पब्लिक स्कूल पर उठे बड़े सवाल

रिपोर्ट – एकरार खान

गाजीपुर। जिले में शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। सैनिक चौराहा से बुजुर्गा रोड पर स्थित एवरग्रीन पब्लिक स्कूल इस समय गंभीर आरोपों के घेरे में है। स्कूल को लेकर लगातार कई दिनों से शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद जब मामले की पड़ताल की गई तो UDISE पोर्टल पर चौंकाने वाली जानकारी सामने आई।
मिली जानकारी के अनुसार स्कूल द्वारा UDISE पोर्टल पर कई बुनियादी सुविधाओं का उल्लेख किया गया है, लेकिन ट्रांसपोर्ट के कॉलम में ‘0’ यानी शून्य दर्ज है। यानी रिकॉर्ड के अनुसार स्कूल के पास कोई परिवहन सुविधा नहीं है।
लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आई। हमारी ग्राउंड रिपोर्टिंग के दौरान कई स्कूल बसें सड़कों पर दौड़ती दिखाई दीं, जिनमें बच्चों को बैठाकर लाया-ले जाया जा रहा था। इतना ही नहीं, कुछ बसों में बच्चों को आगे की सीटों पर बैठाया गया था और कई बसें ओवरलोड भी नजर आईं, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि जब UDISE रिकॉर्ड में ट्रांसपोर्ट ‘0’ दिखाया गया है, तो आखिर ये बसें किसकी हैं और किस आधार पर बच्चों को ढोया जा रहा है। क्या यह परिवहन नियमों और विभागीय दिशानिर्देशों का खुला उल्लंघन नहीं है?


इस पूरे मामले में जब जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) से बात की गई तो उन्होंने कहा कि अगर कोई स्कूल UDISE पोर्टल पर ट्रांसपोर्ट ‘0’ दिखाकर बसें संचालित कर रहा है, तो यह गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना यह होगा कि बच्चों की सुरक्षा और नियमों के उल्लंघन से जुड़े इस मामले में वास्तव में सख्त कार्रवाई होती है या फिर यह मामला भी कागजों और फाइलों तक ही सीमित रह जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *