Homeराष्ट्रीयभोपा रोड पर 50 बीघा में काटी जा रही अवैध कॉलोनी पर...

भोपा रोड पर 50 बीघा में काटी जा रही अवैध कॉलोनी पर चला प्राधिकरण का बुलडोजर

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शहर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। गुरुवार को प्राधिकरण की टीम ने भोपा रोड के अंदर पेट्रोल पंप के सामने लगभग 50 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर निर्माण ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई से अवैध प्लॉटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार सहारनपुर मंडल के आयुक्त की प्रेरणा और एमडीए की उपाध्यक्ष श्रीमती कविता मीना के निर्देश पर जोन-3 में यह बड़ी कार्रवाई की गई। बताया गया कि अंकित बंसल पुत्र स्वर्गीय ओमप्रकाश बंसल द्वारा भोपा रोड के अंदर स्थित करीब 50 बीघा भूमि पर बिना प्राधिकरण से लेआउट मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध रूप से प्लॉटिंग की जा रही थी।
इस संबंध में विकास प्राधिकरण की ओर से पहले ही भू-स्वामी और प्लॉटिंगकर्ता को नोटिस जारी किए गए थे तथा चालानी कार्रवाई के बाद ध्वस्तीकरण के आदेश भी जारी कर दिए गए थे। इसके बावजूद मौके से अवैध प्लॉटिंग नहीं हटाई गई, जिस पर गुरुवार को प्राधिकरण की टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए।
ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान प्राधिकरण के सहायक अभियंता, अवर अभियंता और अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए संबंधित थाने की पुलिस भी मौके पर तैनात रही।
प्राधिकरण अधिकारियों ने साफ किया है कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में बिना स्वीकृति के विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध प्लॉटिंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments