सीएमओ कार्यालय में ‘जनता दर्शन’, स्वास्थ्य समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार तेवतिया ने गुरुवार को सीएमओ कार्यालय परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी शिकायतें, समस्याएं और सुझाव सीएमओ के समक्ष रखे।
जनता दर्शन के दौरान डॉ. तेवतिया ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयसीमा में समाधान की रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता सामने आई तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने कहा कि जनता दर्शन जैसे कार्यक्रमों का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित अपनी समस्याएं और सुझाव बिना किसी संकोच के विभाग तक पहुंचाएं, ताकि व्यवस्था को और अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *