Homeराष्ट्रीयईद की खरीदारी के बीच बेखौफ झपटमारों का आतंक, शिव चौक–रुड़की रोड...

ईद की खरीदारी के बीच बेखौफ झपटमारों का आतंक, शिव चौक–रुड़की रोड पर एक घंटे में दो महिलाओं के पर्स उड़ाए

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में ईद की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ी भीड़ के बीच झपटमारों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। शहर कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर स्थित शिव चौक और रुड़की रोड जैसे व्यस्त इलाकों में बुधवार को महज एक घंटे के भीतर दो महिलाओं के पर्स झपट लिए गए। लगातार हुई इन घटनाओं से बाजार में खरीदारी करने आई महिलाओं और व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया है।
पहली घटना बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे रुड़की रोड स्थित नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज के सामने हुई। एक महिला ईद के सामान की खरीदारी के लिए बाजार आई हुई थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने अचानक उनके हाथ पर झपट्टा मारते हुए उनका पर्स छीन लिया और आसपास की तंग गलियों में फरार हो गया। पीड़िता के अनुसार पर्स में करीब बाईस सौ रुपये की नकदी और मोबाइल फोन रखा हुआ था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन झपटमार भीड़ का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।
पहली वारदात की चर्चा अभी बाजार में चल ही रही थी कि करीब एक घंटे बाद दूसरी घटना ने लोगों को और भी ज्यादा दहला दिया। शाम करीब साढ़े चार बजे शिव चौक के पीछे स्थित सुलभ शौचालय के पास एक महिला अपने परिजनों और बच्चों के साथ दुकान पर सामान देख रही थी। इसी दौरान किसी शातिर बदमाश ने बड़ी सफाई से उनका पर्स पार कर दिया। महिला के पर्स में करीब बीस हजार रुपये की नकदी, मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड मौजूद था। जब तक उन्हें घटना का अहसास हुआ, तब तक बदमाश भीड़ में गायब हो चुका था।
एक के बाद एक हुई इन दो घटनाओं से शहर कोतवाली पुलिस और चौकी पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में बदमाशों की तलाश में दौड़ लगाई, लेकिन देर रात तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका। पीड़ित महिलाओं ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अब बाजार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि रुड़की रोड पर पैदल जा रही महिला का पर्स छीनकर भागने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए थाना स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर दोनों घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments